मेरठ। भरी बस में घुसकर 11वीं की छात्रा को गोली मारने वाले युवक को मवाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती छात्रा की हालत में सुधार हो रहा है। छात्रा का नाम निकिता है। वह पिलोना गांव की रहने वाली है।
शुक्रवार को वह कृषक इंटर कालेज में पढ़ने गई थी। शाम को सहेली के साथ बस से घर लौट रही थी। बस जैसे ही निलौहा गांव के मोड़ पर पहुंची, युवक ने बस को हाथ देकर रोका। बस के रूकते ही युवक बस के अंदर चढा और तमंचा निकाल कर निकिता पर फायर झोंक दिया। गोली निकिता के कंधे में लगते ही वह बस के अंदर गिर गयी। घटना को अंजाम देकर युवक वहां से फरार हो गया।
गोली चलते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोग बस से कूदकर इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गयी। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया। वहीं आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन, तब तक हमलावर फरार हो गया। पुलिस द्वारा सूचना मिलते ही छात्रा के माता-पिता अस्पताल पहुंच गये। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राजन है। वह निलोहा गांव का रहने वाला है।
0 Comments