बैरिया, बलिया। भारतीय सेना के जवान चंद्रशेखर सिंह की अन्तेष्टि सैनिक सम्मान के साथ महुली गंगा तट पर की गई। मुखाग्नि उनके 16 वर्षीय पुत्र आशुतोष सिंह ने दी। चंद्रशेखर सिंह (36) भारतीय सेना के मेडिकल कोर मे लखनऊ में तैनात थे। गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत खराब होने पर सहयोगियों ने सेना अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गयी।
उनका पार्थिव शरीर सेना की गाड़ी से सुबह उनके पैतृक गांव धतूरी टोला पहुंचा, जहां से सैनिक सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर सेना के जवानों व परिजनों ने महुली गंगा तट पहुंचाया। जहां धार्मिक रीति रिवाज के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। इस मौके पर भारतीय सेना के जवानों ने मातमी धुन बजाया। अपने शस्त्रों को उल्टा कर उन्हें अंतिम सलामी दी। दोकटी के थानाध्यक्ष मदन पटेल भी अपने सहयोगियों के साथ मौजूद थे।
धतूरी टोला निवासी स्वर्गीय जगन्नाथ सिंह के पुत्र चंद्रशेखर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। दो बड़े भाई वेद प्रकाश सिंह व ब्रह्म प्रकाश सिंह शिक्षक हैं। चंद्रशेखर सिंह की पत्नी के अलावा एक 12 वर्षीय पुत्री व 16 वर्षीय पुत्र है। इससे पूर्व शव के पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। वही ग्रामीणों ने भारत माता की जय और चंद्रशेखर सिंह अमर रहे के नारे लगाए। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के तरफ से मेजर शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने भी चंद्रशेखर सिंह को अंतिम सलामी दी।
0 Comments