मझौवां, बलिया। रेवती थाने के पास जनसेवा केंद्र की दुकान से शुक्रवार की शाम से साईकिल सहित गायब इरशाद अंसारी (17) शनिवार की सायं छपरा रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गया है। इससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
रेवती थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी इरशाद श्रीकृष्ण इंटर कालेज पियरौटा में 11वीं का छात्र है। इरशाद रेवती थाने के पास कस्बा दुकान चलाता रहा है। शुक्रवार को वह घर से दुकान गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरु की। पिता मैनुद्दीन अंसारी की तहरीर पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी थी। सोशल साइट में उसकी सूचना प्रसारित करा कर मामले की छानबीन की जा रही थी।
शनिवार की शाम इरशाद के पिता के पास छपरा रेलवे सुरक्षा बल के उप निरीक्षक मनोज सिंह से सूचना मिली कि उनका लड़का छपरा स्टेशन पर बदहवास व परेशान हालत में बैठा पाया गया है। पूछताछ करने पर नाम तथा अपना पता बताया। इरशाद के छपरा स्टेशन पर मिलने की खबर लगते ही उसका भाई शमशाद बेगम गांव के ही सोनू वर्मा के साथ छपरा स्टेशन पहुंच गया। औपचारिक पूछताछ के बाद रेलवे सुरक्षा बल के उप निरीक्षक मनोज सिंह द्वारा इरशाद को उसके भाई शमशाद की सुपुर्दगी में दे दिया गया। रविवार को शमशाद इरशाद को लेकर गांव रामपुर पहुंच गया। सुबह घर आने के बाद गुमशुम हालत में इरशाद कुछ बोल नहीं पा रहा है।
0 Comments