लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के वजीर हसनगंज रोड पर मंगलवार की रात गिरी इमारत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस घटना में घायल समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर की मां और पत्नी की मौत बुधवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में हो गयी। दोनों का रेस्क्यू बुधवार की सुबह हुआ था। जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मौसम खराब होने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन कर इन दोनों महिलाओं को बुधवार की सुबह ही निकाला गया था। रेस्क्यू के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि इस दौरान डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई थी। सपा प्रवक्ता की मां के निधन पर अखिलेश यादव ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर की माता जी बेगम हैदर जी और पत्नी उज़्मा अब्बास का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
सपा प्रवक्ता की मां बेगम हैदर का निधन बुधवार को सिविल अस्पताल में हुआ। उनकी उम्र करीब 72 साल थी। उनके निधन के बाद पत्नी उजमा हैदर का भी निधन हो गया। गौरतलब है कि लखनऊ में इमारत गिरने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर तीन सदस्यों की जांच समिति बनाई गई है। जांच समिति को अपनी रिपोर्ट देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। समिति घटना के कारण और जिम्मेदारों को चिन्हित कर अपनी रिपोर्ट देगी।
0 Comments