बलिया। स्थानीय प्राधिकारी/ ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक उन्मुखीकरण गोष्ठी का एक दिवसीय आयोजन ब्लाक संसाधन केंद्र बेरूआरबारी पर किया गया। कार्यक्रम में विकास क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक की ग्रामीण विकास में अहम भूमिका है, जिसमें ग्राम प्रधान गांव के आधारभूत ढांचा का विकास करने के लिए कार्य करते हैं। प्रधानाध्यापक गांव के बच्चों के शैक्षिक उन्नयन एवं भविष्य निर्माण करते हैं। जब तक हमारे गांव का समग्र विकास नहीं होगा, देश का विकास संभव नहीं है।
विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के आधारभूत ढांचा के सुधार के लिए 19 पैरामीटर पर आधारित ऑपरेशन कायाकल्प संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सभी प्रधान अपने ग्राम पंचायत के विद्यालयों के लिए प्रयासरत हैं। कायाकल्प के अंतर्गत होने वाले निर्माण की गुणवत्ता की निगरानी संबंधित जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को ग्राम प्रधान से समन्वय स्थापित कर करने की आवश्यकता है, जिससे वह निर्माण बाल मैत्री हो। उसका उपयोग बच्चे सहजता पूर्वक कर सकें। इसी के साथ सरकार द्वारा बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए निपुण भारत मिशन संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों के लिए निपुण लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों को अपने विद्यालय की कार्य योजना बनाकर उक्त लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास करना होगा। जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) नुरूल हुदा ने बच्चो के अभिभावको के बैंक खाता में डीबीटी के माध्यम से प्रेषित धनराशि से बच्चो के लिए स्कूल यूनिफार्म, स्कूल बैग, जूता-मोजा एवं स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए ग्राम प्रधान एव प्रधानाध्यापक को प्रेरित करने को कहा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी प्रधानाध्यापक अपने विद्यालय के सभी नौनिहाल बच्चो के भविष्य निर्माण के लिए सरकार की मंशा के अनुसार विद्यालय का संचालन करे। ग्राम प्रधान व समुदाय का भी सहयोग लेने का प्रयास करे। एसआरजी आशुतोष कुमार सिंह तोमर ने निपुण भारत मिशन एवं शैक्षिक ऐप दीक्षा, रीड एलॉन्ग, निपुण लक्ष्य एवं प्रेरणा पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया।
कार्यक्रम मे सभी अतिथियो का स्वागत खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार चौबे ने स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र द्वारा किया। कार्यक्रम मे प्राथमिक शिक्षक संघ बेरूआरबारी के अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्री संजय कुमार दूबे, संयोजक ओंकार सिंह एसआरजी संतोष चन्द्र तिवारी, चन्द्रकान्त पाठक, विनय पांडे धनंजय सिंह उमेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार शुक्ल, प्रमोद सिंह, अजीत कुमार सिंह, प्रीति गुप्ता अरविंद सिंह प्रियंका यादव अन्नू सिंह सुशील दुबे आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी सुहैल अहमद ने किया।
उमेश सिंह
0 Comments