लखनऊ। मैनपुरी जिले की तहसील कुरावली में सोमवार की रात खिरिया पीपर के सामने तेज रफ्तार सरिया लदा ट्रॉला अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे बने एक मकान में घुस गया। हादसे में रिटायर्ड दरोगा समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी व पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए जेसीबी की मदद से रात में ही 4 घंटे रेस्क्यू कर मलबे में दबे शवों को बाहर निकालवाया। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मैनपुरी के किरावली कस्बे में रिटायर्ड दरोगा विश्राम सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा घर पर था। सोमवार की रात पूरा परिवार घर में खाना खाकर सो गया था। रात करीब 11 बजे दिल्ली की ओर से आ रहा अनियंत्रित ट्राला सीधे उनके घर में घुस गया। ट्रक की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि पूरा घर जमींदोज हो गया। इसमें दरोगा, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य लोग मकान में दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बुलडोजर से निकाले गए शव
बचाव कार्य के लिए पहुंची पुलिस टीम के सामने बड़ी समस्या यह हो गई कि पूरा परिवार मलबे में दब चुका था। इसलिए टीम ने बुलडोजर मंगाया। एक घंटे बाद बुलडोजर से घर का मलबा हटाया गया, तब 4 शव निकाले गए। इनमें रिटायर्ड दरोगा बिश्राम सिंह, उनकी पत्नी और ट्रक चालक और उसका साथी शामिल हैं। दरोगा का बेटा सुरक्षित है, जबकि ट्रक में बैठी छह सवारियां घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। रिटायर्ड दरोगा का दूसरा बेटा पुलिस विभाग में ही है।
0 Comments