जौनपुर। मीरगंज के बभनियांव गांव में भूमि संबंधी विवाद में बुधवार की रात अतुल सिंह (55) की हत्या गोली मारकर कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी भतीजे को हिरासत में लेकर उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
जफराबाद थाना के महरूपुर गांव निवासी अतुल सिंह कई वर्षों से बभनियांव में अपनी बहन पुष्पा सिंह के घर रहते थे। अतुल सिंह का अपने सगे भतीजे सूरज सिंह उर्फ प्रशांत सिंह पुत्र सुमंत कुमार सिंह से आए दिन भूमि विवाद होता था। आरोप है कि रात करीब एक बजे बाइक से पहुंचे सूरज सिंह और उसके साथी ने अतुल सिंह को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अतुल सिंह को सीएचसी मछलीशहर ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान अतुल ने दम तोड़ दिया। अतुल सिंह के जीजा मुख्तार सिंह उर्फ विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सूरज सिंह ने करीब एक सप्ताह पूर्व अतुल सिंह को मार डालने की धमकी दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्यारोपी भतीजे सूरज सिंह को हिरासत में लेकर पुलिस उसके दूसरे साथी की तलाश में जुटी है।
0 Comments