मझौवां, बलिया। गंगा नदी के जलस्तर में प्रयागराज से बलिया तक बढ़ाव जारी है। बलिया में नदी का जलस्तर प्रति घंटे दो सेमी की रफ्तार से ऊपर चढ़ रहा है, जबकि गाजीपुर व वाराणासी तीन-तीन तथा प्रयागराज में पांच सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ोत्तरी हो रही है। गंगा नदी के जलस्तर में चौथी बार बढ़ाव होने से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के लोगों की चिन्ता काफी बढ़ गई है। कई स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
शुक्रवार की सुबह आठ बजे केन्द्रीय जल आयोग गायघाट गेज पर गंगा का जलस्तर 58.870 मीटर रिकार्ड किया गया। गायघाट में खतरा बिन्दु 57.615 मीटर व मीडियम फ्लड 58.615 मीटर है। यहां 2016 में सर्वाधिक जलस्तर 60.390 मीटर रिकार्ड किया गया था। 2021 में नदी 60.250 मीटर तक पहुंची थी।
नदी में बढ़ाव से रामगढ़ से लगायत लालगंज तथा नौरंगा के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। वहीं दुबेछपरा, गोपालपुर व उदयीछपरा गांव में बाढ़ का पानी तेजी से गांव में फैल रहा है।
यशोदा देवी बालिका विद्यालय दुबेछपरा, शिक्षा क्षेत्र बैरिया के प्रावि गोपालपुर व प्रावि उदईछ्परा (एक ही परिसर), प्रावि सुघरछ्परा, प्रावि गंगौली, प्रावि श्रीनगर केहरपुर, उप्रावि सुघरछ्परा (एक ही परिसर), शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के प्रावि पोखरा के परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया है। उधर, अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुबेछपरा के पीछे पानी भरना शुरू हो गया है।
हरेराम यादव
0 Comments