लखनऊ। हरदोई से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। वहां पाली थाना क्षेत्र की दो युवतियां कॉलेज जाने के बहाने घर से निकली और अचानक गायब हो गई। दोनों के परिजन खोजबीन कर रहे थे। उधर दोनों युवतियां सीओ शाहाबाद हेमंत उपाध्याय के दफ्तर में पहुंच गई।
सीओ ने पुलिस सुरक्षा में दोनों को पाली थाने भेजा। युवतियों ने आरोप लगाया कि उनके परिजन उन्हें जान से मार देंगे, इसलिए उनके प्रेमियों से उनकी शादी करा दी जाए। वह बालिग हैं। पाली थानाध्यक्ष सुनील दत्त कौल ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की रिश्ते में बुआ-भतीजी दो युवतियां दो दिन पूर्व घर से कॉलेज जाने के बहाने निकली और गायब हो गई। परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे, तभी दोनों युवतियां सीओ शाहाबाद के दफ्तर पहुंच गई।
सीओ से दोनों युवतियों ने बताया कि वह मझिला क्षेत्र के जमालपुर निवासी श्याम प्रकाश तथा प्रेम सागर से दो साल से प्रेम करती हैं। दोनों बालिग हैं, इसलिए उनकी शादी उनके प्रेमियों से करा दी जाए। दोनों युवक रिश्ते में चाचा-भतीजे लगते हैं। युवतियों ने अपने बालिग होने के दस्ताबेज भी दिखाए। युवतियों ने कहा कि उनके परिजन उनकी हत्या कर सकते हैं। यहां युवतियों को उनके परिजनों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवतियां अपने फैसले पर अडी रहीं। एसओ ने बताया कि दोनों पक्ष शादी करने को तैयार हो गए थे। इसलिए दोनों परिजनों के साथ चली गईं। एक युवती जेएएनएम का कोर्स कर रही है तो दूसरी बीए की छात्रा है।
0 Comments