बलिया। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शनिवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा उसकी रोकथाम के लिए बीएसए/प्रभारी डायट प्राचार्य मनिराम सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी परिषदीय स्कूलों तथा डायट से जुड़े कालेजों में शपथ ग्रहण कराया गया। इस महा अभियान में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने व उसके प्रतिबंधों को प्रभावी तरीके से लागू कराए जाने के उद्देश्य से सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एआरपी की भी सहभागिता रही।
बीएसए मनिराम सिंह ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक से अभिप्राय ऐसे प्लास्टिक से है, जिसका इस्तेमाल केवल एक बार किया जा सकता है। यह प्लास्टिक प्राकृतिक रूप से विघटित नहीं हो पाता है। दीर्घ अवधि तक अपना अस्तित्व बनाए रखने के कारण यह पर्यावरण और प्रकृति को व्यापक पैमाने पर क्षति पहुंचाता है। इसका उपयोग मनुष्य, जानवरों एवं समुद्री जीवों के लिए बहुत ही हानिकारक होता है। जल निकायों में या समुद्री जलीय जंतु अपने भोजन के साथ प्लास्टिक के कणों का सेवन कर लेते हैं, जिसको पचाया नहीं जा सकता है। इसका प्रयोग किसी भी रूप में करना ठीक नहीं है।
हम शपथ लेते है कि...
मैं पृथ्वी और उसके प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करने की पूरी कोशिश करूंगा/ करुंगी। मैं ऐसी आदतें अपनाऊंगा/ अपनाऊंगी, जिससे संसाधनों की कम से कम बर्बादी हो। मैं जो उपयोग कर चुका/ चुकी हूं उसका पुन: उपयोग करूंगा/ करुंगी। मैं सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करूंगा/ करुंगी। मैं प्लास्टिक बैग की जगह पेपर बैग और कपड़े के बैग का इस्तेमाल करूंगा/ करुंगी। मैं पर्यावरण की सफाई का ध्यान रखूंगा/रखूंगी। मैं कम से कम कचरा करूंगा/करुंगी। मैं ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाऊंगा/लगाऊंगी। मैं ऊर्जा और पानी का संरक्षण करूंगा/ करुंगी।
0 Comments