लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में मंगलवार को मथुरा-बरेली हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के पास भीषण Road Accident में आधा दर्जन श्रद्धालुओं की मौत हो गयी। वहीं, एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना से चहुंओर चीख पुकार मच गयी। लोग बचाव कार्य में जुट गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के नगला और अहोरामई गांव के लोग ज्येष्ठ पूर्णिमा पर कछला घाट ट्रैक्टर ट्राली से गंगा स्नान करने गए थे। ट्रैक्टर पर करीब 25 से 30 लोग सवार थे। स्नान के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे, तभी मेडिकल कॉलेज के सामने श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्राली में तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। कुछ श्रद्धालु सड़क पर गिरे तो कुछ ट्राली के नीचे दब गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने संगीता (25), सुषमा (50) पत्नी लेखराज, अनीता (40) पत्नी वीरपाल, पूनम, सहदेव और एक अन्य को मृत घोषित कर दिया। वही लगभग एक दर्जन लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मौके पर अधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस के जवान जमे रहे।
0 Comments