KK Died : प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ, जिन्हें केके के नाम से जाना जाता था, दुनिया में नहीं रहे। कोलकाता में दिल का दौरा पड़ने से सिंगर केके का निधन हो गया। उन्हें परफॉर्मेंस के बाद दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद CMRI हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। केके 53 साल के थे। उन्होंने हिंदी में 200 से ज्यादा गाने गाए हैं। फिल्म हम दिल दे चुके सनम में भी गाने गाए थे।
मंगलवार को केके का कोलकाता के विवेकानंद कॉलेज में कार्यक्रम था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर खुद ही इसकी जानकारी दी थी। अभिनेता अक्षय कुमार, सिंगर अरमान मलिक, अभिनेत्री सोनल चौहान और मुनमुन दत्ता समेत कई हस्तियों ने केके के निधन पर दुख जताया है। अरमान ने कहा 'बेहद दुखद। हम सभी के लिए एक और चौंकाने वाली क्षति। विश्वास नहीं हो रहा है कि हमारे केके सर नहीं रहे... क्या हो रहा है। मैं इसे और नहीं ले सकता।'
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने दी श्रद्धांजलि
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने कहा कि प्रसिद्ध गायक श्री कृष्णकुमार कुन्नाथ के आकस्मिक निधन से व्यथित हूं। अपनी भावपूर्ण आवाज और मधुर गायन के लिए जाने जाने वाले श्री केके का निधन संगीत की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। शांति!
0 Comments