लखनऊ। कासगंज जिले में मंगलवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। घटना कायमगंज मार्ग पर स्थित अशोकपुर मोड़ के पास की है। हादसे में छह लोग घायल हैं, जिन्हें पुलिस ने पटियाली सीएचसी में पहुंचाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी मृतकों के नाम स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जानकारी जुटाने में लगी हुई है। वहीं, हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि टेंपो में 10 सवारियां थीं। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। ये महिलाएं पटियाली में आयोजित सत्संग में शामिल होने जा रही थीं। अशोकपुर मोड़ के समीप तेज रफ्तार बोलेरो ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो के परखच्चे उड़े गए। घटना में टेंपो सवार पांच महिलाओं और दो बच्चों की मौत हो गई। बताया गया है कि बोलेरो में आठ लोग थे। इनमें से एक की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि चार लोगों को हल्की चोट आई है।
0 Comments