वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत मटुका (तख्खू बावली) गांव में गुरुवार की सुबह ब्यूटी पार्लर संचालिका कंचन पटेल की हत्या फावड़े से काटकर कर दी गई। दिल दहला देने वाली इस घटना को कंचन की सहेली ने अंजाम दिया। यही नहीं, हत्यारोपित शव के पास ही बैठी थी। घटनास्थल का नजारा देख लोग सहम उठे। पुलिस ने मौके से हत्यारोपी सहेली राखी वर्मा को हिरासत में ले लिया है। मृतका कंचन के पति संजय पटेल मिर्जापुर में भूमि परीक्षण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उसकी एक पुत्री और पुत्र है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कपसेठी थाना क्षेत्र के मटुका (तख्खू बावली ) गांव निवासी संजय पटेल की पत्नी कंचन पटेल ब्यूटी पार्लर चलाती थी। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने घर के दूसरे तल पर कमरे में थी, तभी उसकी गांव निवासी सहेली राखी मिलने पहुंची। राखी ने अचानक ही कंचन पर फावड़े से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे तो नजारा देख सन्न रह गए। कंचन लहूलुहान हालत में फर्श पर गिरी थी। वहीं राखी उसके बगल में चौकी पर बैठी थी। वारदात का कारण अभी साफ नहीं है। हत्यारोपी से पुलिस पुछताछ करने में जुटी है।
0 Comments