नियामताबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर स्थित अलीनगर थाना के पचफेड़वा के समीप ट्रक से कुचलकर बाइक सवार शिक्षिका प्रीति सिंह (38) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति विनय सिंह आंशिक रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अलीनगर थाना के कोरी गांव निवासी विनय सिंह सकलडीहा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय संघती में अध्यापक हैं। उनकी पत्नी प्रीति सिंह प्राथमिक विद्यालय बसिला में अध्यापिका थी। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे विनय अपनी पत्नी प्रीति सिंह को विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। पचफेड़वा के समीप पुराने जीटी रोड से जैसे ही उनकी बाइक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर पहुंची, चंदौली की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार प्रीति सिंह सड़क पर गिर गईं और ट्रक के नीचे आईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनय सिंह सड़क पर गिर गए जो आंशिक रूप से घायल हो गए।
0 Comments