दुबहड़, बलिया। भारत छोड़ो आंदोलन की 101वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पं. अवधबिहारी चौबे के दिशा निर्देशन एवं शहीद मंगल पांडेय स्मारक सोसाइटी नगवां के मंत्री तथा सदर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में जापलिनगंज स्थित दुर्गा मंदिर के पास प्रबुद्ध विद्वत ब्राह्मणजन की बैठक हुई। बैठक की शुरुआत भगवान परशुराम एवं शहीद मंगल पांडेय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि आजादी के बाद से 1989 तक कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में छ: ब्राह्मण मुख्यमंत्री बनाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में आगामी 2022 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां स्वार्थवश ब्रह्मणों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही हैं। यदि वाकई कोई पार्टी ब्रह्मणों की हितेषी है तो अपने पार्टी के तरफ से 2022 के विधानसभा चुनाव में ब्राम्हण मुख्यमंत्री बनाने का वादा करें। ब्राह्मणों को शिक्षा-दीक्षा में उचित प्रबंधन के साथ ही 14.5 प्रतिशत आरक्षण देने का आश्वासन दे।
पूर्व जिलाध्यक्ष पं. अवधबिहारी चौबे ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश के ब्राह्मण किसी पार्टी के छलावे, बहकावे एवं धोखे में नहीं आने वाले हैं। अब ब्राम्हण जाग चुके हैं। ब्राह्मण यदि विवाह कराते हैं तो श्राद्ध कराना भी जानते हैं। आगामी 2022 विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण किसी छल-प्रपंच में नहीं पड़ने वाले हैं। ब्राह्मण सम्मेलन के नाम पर अन्य जातियों के लोगों की भीड़ जुटाकर ब्रह्मणों को ठगने वाले इस बार सावधान हो जाएं। यदि वे वास्तव में ब्राह्मण प्रेम करते हैं तो परशुराम जयंती एवं शहीद मंगल पांडेय की जयंती के अवसर पर सरकारी छुट्टी की घोषणा करें। इस अवसर पर देवेंद्र कुमार दुबे, संतोष चौबे, बलराम मिश्रा, कमलापति पांडेय, सुशील ओझा, राजनाथ पांडेय; दिनेश कुमार पांडेय, हरेराम मिश्रा, ज्ञानप्रकाश मिश्रा, अरुण कुमार पाठक, पारसनाथ तिवारी, अवधेश पांडेय, अजय चौबे आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता शत्रुघ्न पांडेय एवं संचालन ओमप्रकाश तिवारी ने किया।
0 Comments